पीलीभीत समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव यूसुफ कादरी ने सरकार से मांग की है कि नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को जल्द ही शपथ ग्रहण करायी जाये ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के नियंत्रण हेतु ग्राम पंचायत स्तर पर जनहित के कार्य शुरू हो सकें।
कादरी ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण से मौत के मामले में ग्राम प्रधान के माध्यम से 5000-रूपये अंतिम संस्कार हेतु दिये जायेंगे, दूसरी तरफ नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को आज तक शपथ ग्रहण तक नही करायी गयी है। कादरी ने सरकार से मंाग की है कि कोरोना संक्रमण के ग्रामीण क्षेत्रों में भी फैलने के कारण उस पर उचित रोकथाम हेतु ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यों की आवश्यकता को देखते हुये सरकार बहुत जल्द ही नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को सादगी के साथ शपथ ग्रहण कराये।
शपथ ग्रहण हेतु बहुत अधिक भव्य कार्यक्रम, प्रोटोकाल, सरकारी तारीफें इत्यादि इस कोरोना काल के समय में गैर-जरूरी है इसलिये सादगी के साथ ब्लाक स्तर या ग्राम पंचायत स्तर पर नवनिर्वाचित प्रधानों की शपथ ही आज की जरूरत है, यदि आवश्यक हो तो शपथग्रहण के लिये नोडल अधिकारी बनाये जायें।
श्री कादरी का कहना है कि शपथ न होने से, तकनीकि कारणों से नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को कोरोना संक्रमण काल में जनहित कार्य करने में दिक्कतें का सामना करना पड़ रहा है इस लिये जल्द ही नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को शपथ करायी जाये।

0 Comments