बीसलपुर तहसील क्षेत्र में मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए तमाम प्रयासों के बावजूद अभी तक भूमि का चयन नहीं हो सका है। क्षेत्र के उदीयमान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में वे अपने निजी प्रयासों व खर्चे पर ही क्षेत्र का नाम रोशन करने में पूरी मेहनत और लगन से लगे हुए हैं।

तहसील क्षेत्र में खिलाड़ियों के लिए अभी तक मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए भूमि नहीं मिल सकी है। इसके प्रति क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि प्रयासरत दिखाई नहीं दे रहे है। इस मिनी स्टेडियम के अभाव में तमाम छात्र जो खेल में पढ़ाई के साथ-साथ गहरी रूचि रखते हैं उनके लिए खेल के लिए प्रैक्टिस करने की कोई भी जगह क्षेत्र में उपलब्ध नहीं है। नगर क्षेत्र में आज से 15 वर्ष पूर्व क्रिकेट, बैडमिटन, फुटबाल, वॉलीबाल, बास्केटबाल , टेबल टेनिस तथा बैडमिटन के ऐसे खिलाड़ी हुए हैं, जिन्होंने देश में ही नहीं बल्कि पड़ोसी देश नेपाल में जाकर बैडमिटन प्रतियोगिता में पदक जीते हैं। उनमें प्रमुख रूप से मुहल्ला साहूकारा के रहने वाले स्वर्गीय अजय मित्तल का नाम प्रमुख है। इसी प्रकार तैराकी में भी यहां के छात्रों ने नाम रोशन किया। नगर की छात्रा प्रियंका शुक्ला ने भी तैराकी में पदक जीत चुकी हैं। माही गंगवार ने अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो में गोल्ड मेडल हासिल कर देश का नाम रोशन किया है।