भाजपा सांसद वरुण गांधी ने कहा कि कोरोनाकाल में अपनी परवाह किए बगैर जिस तरह से सफाई कर्मचारियों, नायकों ने दूसरों को संक्रमण से सुरक्षित करने के लिए जिस तरह से काम किया वह सराहनीय है। कोरोनाकाल के दौरान देश में जिस तरह की क्रांति की आवश्यकता थी, वह नागरिक क्रांति के रूप में सामने आई।

बुधवार को गांधी प्रेक्षागृह में हुए समारोह में भाजपा सांसद ने कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी में लॉकडाउन के अंतर्गत हमारे सफाई नायकों व सफाई कर्मचारियों ने जान की परवाह किए बगैर जनता की सेवा करने में अपनी अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि उनका मन था कि इस वैश्विक महामारी में जिन्होंने जमीन पर कार्य किया, उन्हें सम्मानित किया जाना चाहिए। इस कार्यक्रम में आप सबको देखकर वह स्वयं को भी गौरवान्वित महसूस कर रहे है। यह सच है कि अगर आप न होते तो हम न होते। आपने अपनी बड़ी सोच और जो हिम्मत दिखाई उसका सम्मान करता हूं। कहा कि इस दौरान देश को जिस क्रांति की जरूरत थी वह नागरिक क्रांति के तौर पर सबके सामने आई। यह हमारे देश और समाज के लिए बहुत अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि जनपद में सफाई कर्मचारियों व नायकों ने कोविड-19 के दौरान कंटेनमेंट जोन में बैरीकेडिग, सैनिटाइजेशन व सफाई का कार्य नियमित किया है।